27 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: Pakistan Super League 2026 की शुरुआत ही विवादों के साथ हुई। पहले ही मुकाबले में ऐसा नज़ारा देखने को मिला जिसने क्रिकेट फैंस और खिलाड़ियों को हैरान कर दिया—मैच के दौरान सफेद गेंद का रंग बदलकर गुलाबी और फिर लाल होने लगा।
यह घटना Lahore Qalandars और Hyderabad Kingsmen के बीच खेले गए मुकाबले में सामने आई। लाहौर की पारी के दौरान गेंद का रंग अचानक बदलने लगा, जिसके बाद अंपायरों को बीच मैच में गेंद बदलनी पड़ी।
इस अजीब घटना की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं—कुछ लोगों का कहना है कि खिलाड़ियों द्वारा गेंद को जर्सी पर रगड़ने से उसका रंग बदल गया, जबकि कुछ ने ओस को भी कारण बताया।
हैदराबाद टीम के कप्तान Marnus Labuschagne ने भी इस पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने करियर में ऐसा पहले कभी नहीं देखा, जहां गेंद कपड़ों के रंग से इतनी प्रभावित हो जाए।
इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लीग का जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है और Pakistan Cricket Board की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं।
मैच की बात करें तो लाहौर कलंदर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए और जवाब में हैदराबाद किंग्समेन की टीम 130 रन पर सिमट गई, जिससे लाहौर ने 69 रन से जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि मौजूदा हालातों के चलते इस बार PSL का आयोजन सीमित वेन्यू और बिना दर्शकों के किया जा रहा है, जिससे पहले ही लीग दबाव में थी। अब इस तरह की घटना ने इसकी साख को और झटका दिया है।













