कोलकाता में CEC ज्ञानेश कुमार का विरोध, कालीघाट मंदिर के बाहर लगे ‘वापस जाओ’ के नारे

09 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के दौरे पर पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कोलकाता में विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह दक्षिण कोलकाता स्थित कालीघाट मंदिर के बाहर प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए और काले झंडे भी दिखाए।

हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया, जिसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त मंदिर में दर्शन के लिए अंदर जा सके।

इससे पहले रविवार रात को भी उनके कोलकाता पहुंचने पर विरोध प्रदर्शन हुआ था। जब उनका काफिला एयरपोर्ट से निकलकर वीआईपी रोड के जरिए कैखली इलाके से गुजर रहा था, तब तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए और काले झंडे दिखाए। बताया जा रहा है कि SIR प्रक्रिया को लेकर पार्टी लगातार चुनाव आयोग की आलोचना करती रही है।

मुख्य चुनाव आयुक्त का विरोध केवल सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं ने ही नहीं किया, बल्कि वाम दलों के समर्थकों ने भी एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। हालांकि सुरक्षा में तैनात पुलिस ने हालात को काबू में रखा और किसी तरह की बड़ी घटना नहीं होने दी।

दरअसल, भारतीय चुनाव आयोग की पूरी टीम तीन दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंची है, ताकि विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया जा सके। इस दौरान ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी भी मौजूद हैं।

अपने दौरे के दौरान आयोग की टीम विभिन्न राजनीतिक दलों, प्रवर्तन एजेंसियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इन बैठकों में चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और एजेंसियों के बीच समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

दौरे के अंतिम दिन आयोग की टीम राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसके बाद आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने दौरे और चुनाव तैयारियों से जुड़ी जानकारी साझा करेगा।