09 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Politics Desk: प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला: “बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ हो सकता है, लेकिन वायनाड के भूस्खलन पीड़ितों का नहीं” कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड भूस्खलन पीड़ितों का कर्ज माफ न करने पर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बड़े कारोबारियों के कर्ज माफ करने में तो कोई हिचकिचाहट नहीं दिखाती, लेकिन जब बात आम नागरिकों की मदद की आती है, तो वह पीछे हट जाती है।
पार्टी की ओर से जारी बयान में बताया गया कि प्रियंका गांधी ने यह प्रतिक्रिया केरल उच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के उस रुख पर दी, जिसमें उसने कहा था कि वायनाड भूस्खलन पीड़ितों का कर्ज माफ नहीं किया जा सकता। प्रियंका ने कहा कि वह उच्च न्यायालय की उस टिप्पणी से पूरी तरह सहमत हैं, जिसमें अदालत ने कहा था कि केंद्र ने पीड़ितों की जरूरत के समय उनका साथ नहीं दिया और उन्हें निराश किया है।
केरल हाईकोर्ट ने बुधवार को सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि केंद्र ने 2024 में वायनाड में आए विनाशकारी भूस्खलन के पीड़ितों का कर्ज माफ करने का अधिकार होने के बावजूद उसका इस्तेमाल नहीं किया, जिससे पीड़ितों को वास्तविक मदद नहीं मिल सकी।
केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन ने भी केंद्र के इस रुख को गलत बताया। उन्होंने कहा कि भूस्खलन से प्रभावित लोगों पर तरह-तरह के कर्ज हैं, लेकिन अब उनके पास न आय का कोई साधन है, न संपत्ति। ऐसे में कर्ज माफ करना जरूरी है ताकि वे जीवन को फिर से पटरी पर ला सकें।
गौरतलब है कि 30 जुलाई 2024 को वायनाड जिले के मुंडक्कई और चूरलमाला क्षेत्रों में आए भीषण भूस्खलन ने पूरे इलाके को तबाह कर दिया था। इस त्रासदी में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।












