02 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, दिल्ली में बाढ़ का अलर्ट; CM रेखा ने लिया हालात का जायजा दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार को बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई है, हालांकि अभी तक कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया। पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 37.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि आयानगर में 95 मिमी और पालम में 57.4 मिमी बारिश हुई।
इसी बीच यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। मंगलवार सुबह लोहे के पुल पर पानी का स्तर 205.75 मीटर तक पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। अधिकारियों का कहना है कि नदी का जलस्तर शाम तक 206 मीटर के निकासी स्तर को छू सकता है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने और पहाड़ों में भारी बारिश के कारण यह स्थिति बनी है।
यमुना पार क्षेत्र के कुछ हिस्सों में पानी घरों तक घुस गया है। इस स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोहे के पुल पर जाकर हालात का जायजा लिया और कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है, घबराने की जरूरत नहीं है। बाढ़ से बचाव के लिए यमुना किनारे रेत के बोरे लगाए गए हैं और मयूर विहार सहित प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
इसी कड़ी में शाहदरा जिला मजिस्ट्रेट ने मंगलवार शाम 5 बजे से पुराने रेलवे पुल पर यातायात बंद करने के आदेश जारी किए।