हिमाचल में पंचायतीराज चुनाव की तैयारी तेज: 246 पंचायतों की वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण, 31 मई से पहले होंगे चुनाव

03 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  Himachal Pradesh में पंचायतीराज चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य की 246 पंचायतों की मतदाता सूचियों का विशेष ऑडिट (पुनरीक्षण) किया जाएगा। नई पंचायतों के गठन और सीमाओं में बदलाव के कारण पहले प्रकाशित मतदाता सूचियों में संशोधन जरूरी हो गया है।

दरअसल, प्रदेश सरकार ने 123 नई पंचायतों के गठन का निर्णय लिया है। इनमें से 39 पंचायतें नई बनाई गई हैं, जबकि 84 पंचायतों के पुनर्गठन का प्रस्ताव है। कई पंचायतों के वार्ड और राजस्व गांव एक पंचायत से दूसरी पंचायत में स्थानांतरित किए गए हैं, जिससे पुरानी मतदाता सूचियां प्रभावित हुई हैं। ऐसे में नई पंचायतों के साथ-साथ उन पंचायतों की वोटर लिस्ट भी दोबारा तैयार की जाएगी, जिनसे क्षेत्र काटकर नई पंचायतें बनाई गई हैं।

अनुपूरक मतदाता सूची होगी तैयार

राज्य निर्वाचन आयोग पहले ही मतदाता सूची छपवा चुका था, लेकिन सीमाओं में बदलाव के बाद अब संशोधन अनिवार्य हो गया है। प्रभावित पंचायतों के लिए अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) मतदाता सूची तैयार की जाएगी ताकि मतदाताओं का सही और अद्यतन विवरण दर्ज किया जा सके।

खंड विकास अधिकारियों और पंचायत सचिवों को मतदाता विवरण के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। पंचायतीराज विभाग से अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग संशोधित सूचियां जारी करेगा।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि नई पंचायतों के गठन के चलते मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण किया जा रहा है और जल्द ही अपडेटेड लिस्ट जारी की जाएगी।

31 मई से पहले होंगे चुनाव

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव 31 मई से पहले कराना अनिवार्य है। अदालत ने राज्य सरकार को समयबद्ध तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

इसी के तहत मतदाता सूची संशोधन, आरक्षण रोस्टर जारी करने और मतदान केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया जारी है। चुनाव तिथि की औपचारिक घोषणा से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

नई पंचायतों से विकास को मिलेगी गति

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और श्री रेणुका जी से विधायक विनय कुमार ने कहा कि नई पंचायतों के गठन से विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। उनके विधानसभा क्षेत्र में तीन नई पंचायतों का गठन किया गया है।

हरिपुरधार महल क्षेत्र में सांगना पंचायत से गाता मंडवाच, रेणुका क्षेत्र में भाटगढ़ पंचायत से चाड़ना और भवाई पंचायत से कुफर केंथु नई पंचायत के रूप में अधिसूचित की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से नई पंचायतों की मांग कर रहे थे और अब उन्हें अपने कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।