गुजरात के सियासी चौसर पर शक्ति प्रदर्शन: आज से भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का दौरा, बैठक से जनसंपर्क तक कई आयोजन

20 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Politics Desk: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली गुजरात यात्रा है। इस दौरान वे अहमदाबाद और गांधीनगर में संगठनात्मक बैठकों, जनसंवाद और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पार्टी का कहना है कि यह दौरा संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करने पर केंद्रित है।

पहले दिन का कार्यक्रम

गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने बताया कि नितिन नवीन दोपहर 12:30 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
इसके बाद वे नारनपुरा स्थित जीएससी बैंक में सांसदों और विधायकों से बैठक करेंगे। शाम को गांधीनगर के इन्फोसिटी में ‘बजट बैठक’ में उद्योगपतियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टरों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।

दूसरे दिन के कार्यक्रम

21 फरवरी की सुबह नितिन नवीन साबरमती रिवरफ्रंट पर स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे और इसके बाद भद्रकाली माता मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
फिर गांधीनगर स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। सोशल मीडिया टीम के साथ बैठक भी प्रस्तावित है।
दोपहर में वे गिफ्ट सिटी में आयोजित यंग वॉइस समिट में भाषण देंगे और युवा उद्यमियों से संवाद करेंगे। शाम को अहमदाबाद के जीएमडीसी हॉल में बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

तीसरे दिन का एजेंडा

22 फरवरी को नितिन नवीन खाडिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सार्वजनिक श्रवण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

संगठन पर क्यों है जोर?

जगदीश विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संगठन से ही आगे बढ़े हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 45 वर्षीय नितिन नवीन पार्टी के इतिहास में सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
पार्टी के मुताबिक यह दौरा संगठनात्मक समन्वय, जनसंपर्क और आगामी रणनीति को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।