24 मई 2025 ,FACT RECORDER
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जवाली में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह में शुक्रवार रात एक गंभीर घटना सामने आई है। एक राजनीतिक दल से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने रात के समय विश्राम गृह को पार्टी स्थल में बदल दिया और वहां जमकर हुड़दंग मचाया।
जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने बिना बुकिंग के जबरन विश्राम गृह पर कब्जा कर लिया। इस दौरान शराब का सेवन किया गया, किचन में घुसकर मीट पकाया गया और जगह-जगह गंदगी फैलाई गई। सुबह जब चौकीदार मौके पर पहुंचा, तो रेस्ट हाउस में टूटी शराब की बोतलें, मांस के टुकड़े और आपत्तिजनक सामान बिखरा पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि मौके पर महिलाएं भी मौजूद थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अजय शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह विभागीय संपत्ति का घोर दुरुपयोग है और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन भी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्राम गृह उस रात किसी के नाम बुक नहीं था और कार्यकर्ताओं ने जबरन कब्जा किया।
अधिशाषी अभियंता ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने भी इस घटना पर सख्त संज्ञान लेते हुए विभाग को दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता की एक चिंताजनक मिसाल बनकर सामने आई है, जिस पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।












