13 मई, 2025 Fact Recorder
चंडीगढ़ में तेज रफ्तार BMW की टक्कर से साइकिल सवार पुलिसकर्मी की मौ*त, आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय के पास रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौ*त हो गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार BMW कार ने एक साइकिल सवार कांस्टेबल को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौ*त हो गई।
मृ*तक की पहचान 35 वर्षीय आनंद देव के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ पुलिस की कम्युनिकेशन विंग में वायरलेस ऑपरेटर के तौर पर तैनात थे। हादसे के वक्त वे ड्यूटी पर जा रहे थे और सेक्टर 9/10 के ट्रैफिक सिग्नल पर ज़ेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ईशान शंकर रॉय (26), जो पंचकूला के सेक्टर 26 का निवासी है, BMW कार से खतरनाक स्टंट कर रहा था। तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण उसकी कार आनंद देव की साइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देव ने घटनास्थल पर ही द*म तोड़ दिया।
हादसे के बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सोमवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-3 थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 106(1) (लापरवाही से मौ*त) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना स्थल का निरीक्षण, वाहन की मैकेनिकल जांच और CCTV फुटेज की समीक्षा के बाद पुलिस ने केस में धारा 105 (ग़ैर इरादतन ह*त्या) भी जोड़ दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर से लापरवाह और खतरनाक ड्राइविंग पर सवाल खड़े करता है, जो न सिर्फ़ कानून का उल्लंघन है बल्कि लोगों की जान के लिए भी खतरा है।