पुलिस ने ह*त्या के फरार आरोपी को दबोचा

09 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:महिला की हत्या के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, अदालत ने भेजा पुलिस रिमांड पर                                                                                                                            चंडीगढ़ के यूटी साउथ डिविजन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने महिला की हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव बुडैल निवासी 35 वर्षीय शंकर महाली के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मामले की जांच यूटी पुलिस की ज्वाइंट ऑपरेशन टीम ने की, जिससे ह*त्या की गुत्थी सुलझ गई।

क्या था मामला?                                                                                                                घटना की जानकारी सेक्टर-39 निवासी एक महिला ने पुलिस को दी थी। शिकायतकर्ता पेशे से घरेलू सहायिका है और उसने बताया कि उसकी मौसी की बेटी अपनी छह साल की बच्ची के साथ गांव बुडैल में शंकर महाली के साथ किराए पर रह रही थी। घटना वाले दिन, शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वह काम से फुर्सत पाकर अपनी बहन से मिलने पहुंची, तो देखा कि वह घर में फर्श पर बेहोश पड़ी हुई थी और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।

पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि शंकर और उसकी बहन के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद शंकर मौके से फरार हो गया। महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृ*त घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सबूतों के आधार पर आरोपी शंकर महाली की पहचान की गई और उसे पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आगे की पूछताछ जारी है।