22 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
POlitics Desk: बिहार के गया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और नए भ्रष्टाचार विरोधी कानून का बचाव किया। उन्होंने कहा कि एक छोटा कर्मचारी जैसे क्लर्क या चपरासी 50 घंटे की पुलिस हिरासत में आते ही निलंबित हो जाता है, लेकिन जेल में बंद भ्रष्ट राजनेताओं पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक इन दलों ने देश को भ्रष्टाचार में डुबोए रखा, बिहार में तो जेल से ही फाइलों पर हस्ताक्षर किए जाते थे और सरकारी आदेश जारी होते थे।
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा लाया गया नया कानून प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों तक को दायरे में लाता है। इसके तहत अगर किसी पर आरोप साबित होते हैं तो 30 दिन के भीतर जमानत लेनी होगी, अन्यथा पद छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “अब जेल में रहते सत्ता का मजा नहीं ले पाएंगे।”
मोदी ने विपक्ष के इस कानून के विरोध पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिनके दामन पर दाग हैं, वही इससे डर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो खुद भ्रष्ट हैं, वही इस कानून का विरोध कर रहे हैं और जनता भली-भांति जानती है कि यह विरोध क्यों हो रहा है।”
अंत में पीएम मोदी ने कहा कि संविधान की मर्यादा बचाना जरूरी है और देश अब भ्रष्टाचारियों को सत्ता का लाभ उठाने नहीं देगा।











