PM Modi News Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे बिहार, पटना में रोड शो के लिए जोरदार तैयारियां

29 मई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

PM Modi Bihar Visit: पटना में रोड शो से पहले मोदी का भव्य स्वागत, 32 स्थानों पर बने मंच

बिहार विधानसभा चुनाव के वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस दौरे में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और नई योजनाओं की शुरुआत होगी। लेकिन सबसे खास है पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो, जिसे लेकर राजधानी में जबरदस्त तैयारियां की गई हैं।

पटना शहर प्रधानमंत्री के स्वागत में ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टरों और तिरंगे झंडों से सजा हुआ है। प्रधानमंत्री का रोड शो पटना एयरपोर्ट के मॉडल स्वरूप के लोकार्पण के बाद शुरू होगा। इसके बाद वे एयरपोर्ट से अरण्य भवन, केंद्रीय विद्यालय, शेखपुरा मोड़ होते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय के सामने से गुजरेंगे और बेली रोड से होते हुए आयकर गोलंबर पहुंचेंगे। वहां से वे वीरचंद पटेल पथ पर स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय तक लंबा रोड शो करेंगे।

इस पूरे रोड शो के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पटना में 32 स्थानों पर विशेष मंच बनाए हैं, जहां से लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एकत्र होंगे। यह यात्रा न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम है बल्कि आगामी चुनाव के लिहाज से भी भाजपा की रणनीति का बड़ा हिस्सा मानी जा रही है।