PM मोदी को इजराइल का ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट’ मेडल, फिलिस्तीन से भी मिल चुका है सर्वोच्च सम्मान

26 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत–इजराइल के बीच रणनीतिक रिश्तों को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान के लिए इजराइल के सर्वोच्च संसदीय सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट’ मेडल से सम्मानित किया गया है। भारतीय प्रधानमंत्री यह प्रतिष्ठित पदक पाने वाले पहले नेता हैं। यह सम्मान इजराइली संसद नेसेट के स्पीकर अमीर ओहाना ने संसद में पीएम मोदी के संबोधन के बाद प्रदान किया।

सम्मान स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत और इजराइल की चिरस्थायी मित्रता और साझा मूल्यों का सम्मान है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कृतज्ञता जताते हुए इसे दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास और सहयोग का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी उन चुनिंदा वैश्विक नेताओं में शामिल हैं जिन्हें इजराइल और फिलिस्तीन—दोनों से सर्वोच्च सम्मान मिला है। इससे पहले वर्ष 2018 में उन्हें फिलिस्तीन का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन प्रदान किया गया था।

यह सम्मान पीएम मोदी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए 28 से अधिक शीर्ष नागरिक सम्मानों की श्रृंखला में नवीनतम है। हाल के वर्षों में उन्हें ऑर्डर ऑफ ओमान, ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया और ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर जैसे प्रतिष्ठित अलंकरण भी मिल चुके हैं।

नेसेट में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को सांसदों से जोरदार सराहना और स्टैंडिंग ओवेशन मिला। बाद में उन्होंने इजराइली संसद के सदस्यों से बातचीत की और भारत–इजराइल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के बीच संबंधों को और सशक्त करने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत में यहूदी समुदाय सदियों से सम्मान और समानता के साथ रहा है, जो दोनों देशों के गहरे रिश्तों का जीवंत उदाहरण है।

प्रधानमंत्री ने युवा इजराइलियों को भारत आने का निमंत्रण देते हुए योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव बढ़ाने की अपील की और दोनों देशों की संसदों के बीच संवाद को और तेज करने की उम्मीद जताई।