Pariksha Pe Charcha 2026: दूसरे सत्र में PM मोदी ने छात्रों को दिए गुरुमंत्र, बोले— सीखना जीवनभर चलने वाली यात्रा

09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  परीक्षा पे चर्चा 2026 के दूसरे सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों से सीधा संवाद करते हुए परीक्षा तनाव, पढ़ाई की रणनीति और जीवन में सीखने की निरंतर प्रक्रिया पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीखना किसी एक परीक्षा या चरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनपर्यंत चलने वाला सफर है, जिसे उत्साह और सकारात्मक सोच के साथ अपनाना चाहिए।

सोमवार सुबह आयोजित यह सत्र प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और दूरदर्शन के माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया। शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दबाव से मुक्त करना और उन्हें करियर व जीवन से जुड़े अहम पहलुओं पर मार्गदर्शन देना है।

प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षकों और अभिभावकों के साथ मिलकर सीखने की प्रक्रिया को सहज बनाएं। उन्होंने आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और जिज्ञासा को पढ़ाई का आधार बताया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि परीक्षा को जीवन का अंतिम पैमाना न मानें, बल्कि इसे सीखने और खुद को परखने का अवसर समझें।

रिकॉर्ड भागीदारी, छात्रों में दिखा उत्साह
इस वर्ष परीक्षा पे चर्चा 2026 को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला है। अब तक 4.5 करोड़ से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जो पिछले साल बने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी ज्यादा है। आंकड़ों के अनुसार 4.19 करोड़ से अधिक छात्र, करीब 24.84 लाख शिक्षक और लगभग 6.15 लाख अभिभावक इस पहल से जुड़े हैं।

देशभर के छात्रों से संवाद
दूसरे सत्र में प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, गुजरात और असम सहित विभिन्न राज्यों के छात्रों से बातचीत की। छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और परीक्षा की तैयारी से जुड़े सवाल पूछे। प्रधानमंत्री ने उन्हें सकारात्मक सोच बनाए रखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा पे चर्चा कोई प्रतियोगिता नहीं बल्कि एक खुला संवाद मंच है, जहां छात्र, शिक्षक और अभिभावक परीक्षा से जुड़े तनाव, सीखने की प्रक्रिया और मानसिक मजबूती पर खुलकर बात कर सकते हैं।