पानीपत में नाइट शिफ्ट के बहाने गया युवक लापता: घर से खाना खाकर निकला, वापस नहीं लौटा, रात में फैक्ट्री बंद थी l

14/April/2025 fact recorder

लापता 19 वर्षीय रामु का फाइल फोटो।

पानीपत के थाना इसराना क्षेत्र के गांव बलाना में एक युवक लापता हो गया। युवक घर से नाइट शिफ्ट में काम करने के लिए निकला था। लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार गांव बलाना में 19 वर्षीय रामु 12 अप्रैल की शाम को नाइट शिफ्ट में काम करने के लिए घर से निकला था। पिता धर्मवीर ने बताया कि रामु शाम 7 बजे खाना खाकर फैक्ट्री के लिए निकला था। सुबह तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

फैक्ट्री में कोई रात की शिफ्ट नहीं थी

परिजन जब फैक्ट्री पहुंचे तो पता चला कि रात की शिफ्ट बंद थी और कोई भी कर्मचारी काम पर नहीं आया था। परिजनों ने युवक के दोस्तों और रिश्तेदारों से संपर्क किया। कहीं भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पिता धर्मवीर ने थाना इसराना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवक की तलाश में जुट गई है।

धर्मवीर के तीन बेटों में रामु सबसे बड़ा है। वह काफी समय से इस प्राइवेट फैक्ट्री में काम कर रहा था। पुलिस अब युवक की गुमशुदगी के कारणों की जांच कर रही है।