पानीपत में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत: फैक्ट्री से लौट रहे थे बाप-बेटा; सड़क पार करते समय हादसा, यूपी का रहने वाला l

4/April/2025 Fact Recorder

पानीपत के थाना इसराना क्षेत्र में फैक्ट्री से लौट रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। तीन दिन तक इलाज चलने के बाद बुजुर्ग की मौत हो गई। इसराना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में जुटी है।

घटना 30 मार्च की रात करीब 8 बजे की है। बुजुर्ग नन्हेंलाल और उनका बेटा मनोज फैक्ट्री से अपने कमरे की तरफ जा रहे थे। नन्हेंलाल जब सड़क पार कर रहे थे, तभी पानीपत की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल (नंबर HR-06-AW-6462) ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नन्हेंलाल सड़क पर गिर पड़े। बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

बेटे ने पिता को अस्पताल पहुंचाया

पीछे आ रहे बेटे मनोज ने राहगीरों की मदद से पिता को तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। तीन दिन तक चले इलाज के बाद 2 अप्रैल को नन्हेंलाल की मौत हो गई।

यूपी के रहने वाला बुजुर्ग

मृतक नन्हेंलाल उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना बामोर के लहर गांव के रहने वाले थे। फिलहाल वे अपने बेटे के साथ गांव डाहर में रह रहे थे। पीजीआई रोहतक से सूचना मिलने पर थाना इसराना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश कर रही है।