![]()
जानकारी देते हुए डीएलएसए सचिव अपर्णा भारद्वाज।
पंचकूला में साइबर अपराधों से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने “सिक्योर योर डिजिटल वर्ल्ड” नाम से विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान अप्रैल 2025 तक चलेगा।
।
एचएएलएसए के सदस्य सचिव एस.पी. सिंह और जिला एवं सत्र न्यायाधीश वी.पी. सिरोही के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य समाज के सभी वर्गों, खासकर वरिष्ठ नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाना है।
शहर के स्थानों पर लगेगी एलईडी स्क्रीन
डीएलएसए सचिव अपर्णा भारद्वाज के अनुसार, इस अभियान के लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है। शहर के प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इन स्क्रीन पर साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेश दिखाए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सेक्टर 25 के वरिष्ठ नागरिक क्लब में पैनल वकील सीधे संवाद कर रहे हैं। वे बुजुर्गों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बता रहे हैं। साथ ही उन्हें कानूनी सहायता भी प्रदान की जा रही है।
अभियान से छात्रों को भी जोड़ा गया छात्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और जिला उच्च शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। यह पहल उन युवाओं को ध्यान में रखकर की गई है जो डिजिटल दुनिया के सबसे सक्रिय उपभोक्ता हैं।
हेल्प डेस्क व तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कानूनी सहायता सुलभ बनाने के लिए मिनी सचिवालय एवं डीसी कार्यालय पंचकूला में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जिनका संचालन पैनल एडवोकेट सुश्री सुनीता वर्मा और पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) सुश्री पिंकी द्वारा किया जा रहा है। मनसा देवी मेला स्टॉल पर भी इसी प्रकार की सुविधा मौजूद है, जहां आम लोगों को साइबर सुरक्षा और उनके अधिकारों की जानकारी दी जा रही है।
साइबर सेल और आईटी विभाग का सहयोग इस अभियान में साइबर सेल पुलिस स्टेशन के एसएचओ को विशेष साइबर एक्सपर्ट अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं, जो जागरूकता शिविरों में भाग लेकर वास्तविक मामलों के उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (डीआईओ), पंचकूला को आईटी विशेषज्ञों की टीम नियुक्त करने के लिए कहा गया है, जो जनता को साइबर सुरक्षा से संबंधित तकनीकी सुझाव देंगे।
30 जागरूकता शिविर होंगे आयोजित सुश्री भारद्वाज ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत पंचकूला के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 30 जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पैनल एडवोकेट, साइबर सेल और आईटी विभाग की संयुक्त भागीदारी रहेगी ताकि डिजिटल सुरक्षा और कानूनी सहायता का व्यापक दृष्टिकोण प्रदान किया जा सके।
उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों और आम जनता से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और एक सतर्क व जागरूक डिजिटल उपयोगकर्ता बनें।
पंचकूला का हेल्पलाइन नंबर
साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में कानूनी सहायता हेतु डीएलएसए, पंचकूला का हेल्पलाइन 172-2585566 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा कार्यदिवसों में एडीआर सेंटर, जिला न्यायालय परिसर में स्थित डीएलएसए कार्यालय में आकर सलाह ली जा सकती है।












