पाकिस्तानी गेंदबाज पर सनसनीखेज आरोप, ICC ने लगाया बैन

पाकिस्तानी गेंदबाज पर सनसनीखेज आरोप, ICC ने लगाया बैन

07 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk: बॉल टैम्परिंग के आरोप में पाकिस्तान के गेंदबाज मुहम्मद इरफान जूनियर पर 5 मैच का बैन
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मुहम्मद इरफान जूनियर पर बॉल टैम्परिंग के आरोप में 5 मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया है। 30 वर्षीय इरफान जूनियर इस समय ऑस्ट्रेलिया में विक्टोरियन प्रीमियर क्रिकेट लीग में स्वान्स टीम की ओर से खेल रहे थे। क्रिकेट विक्टोरिया ट्रिब्यूनल ने जांच के बाद उन्हें दोषी पाया।

मैच के दौरान लगाया गया आरोप
यह घटना केसी फील्ड्स में स्वान्स और मेलबर्न के बीच खेले गए मैच के दौरान हुई। आरोप है कि इरफान ने मैच के दूसरे दिन खेल के पहले घंटे में बाउंड्री लाइन पर गेंद को जानबूझकर रगड़ा, जिससे गेंद की स्थिति खराब हो गई। अंपायर ने तुरंत इसकी शिकायत अधिकारियों से की। जांच में उन्हें लेवल-3 अपराध का दोषी पाया गया, जिसके चलते उन पर 5 मैचों का बैन लगाया गया।
हालांकि इरफान जूनियर ने सभी आरोपों से इनकार किया है और कहा कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया।

क्रिकेट विक्टोरिया का बयान
विक्टोरियन प्रीमियर क्रिकेट के ऑपरेशंस मैनेजर डैरेन एंडरसन ने पुष्टि की कि इरफान को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बॉल टैम्परिंग के मामले को गंभीरता से लिया जाता है और लीग के अनुशासन नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई है।
PSL और पाकिस्तान-ए टीम का हिस्सा रह चुके हैं इरफान
ननकाना साहिब में जन्मे इरफान जूनियर पाकिस्तान की ए टीम के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 2018 में न्यूजीलैंड ए और इंग्लैंड लायंस के खिलाफ मैच खेले थे। इरफान ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में लाहौर कलंदर्स, कराची किंग्स और क्वेटा ग्लैडिएटर्स की ओर से खेला था।
उन्होंने 2017 से 2019 तक PSL में खेला, लेकिन उसके बाद उन्हें लीग में दोबारा मौका नहीं मिला। इरफान पिछले कुछ वर्षों से ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और हाल ही में स्वान्स टीम से दो साल के करार पर जुड़े थे।

शानदार घरेलू रिकॉर्ड
इरफान जूनियर ने वेस्टर्न सबर्ब्स क्लब की ओर से खेलते हुए पिछले चार सीज़न में शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 17.90 की औसत से 172 विकेट लिए। हालांकि बॉल टैम्परिंग विवाद ने अब उनके करियर पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।