08 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल में बारिश और भूस्खलन का कहर: 397 सड़कें बंद, 202 लोगों की मौत, जल संकट गहराया हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शुक्रवार सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 397 सड़कें, 631 बिजली ट्रांसफार्मर, और 182 जल आपूर्ति योजनाएं ठप रहीं। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 226 सड़कें, 250 ट्रांसफार्मर और 109 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। कुल्लू में 117 सड़कें और 375 ट्रांसफार्मर ठप हैं।
14 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 से 14 अगस्त तक ऑरेंज अलर्ट और 8 से 10 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है। बीती रात घाघस, मुरारी देवी, बजौरा और जोगिंद्रनगर सहित कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
मानसून में अब तक 202 लोगों की मौ*त
20 जून से 7 अगस्त तक प्रदेश में 202 लोगों की मौत, 307 घायल और 37 लापता हैं। इनमें से 94 मौ*तें सड़क हादसों में हुईं। 2,189 मकान-दुकानों, 1,772 गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है और 1,604 पशु मारे गए हैं। कुल नुकसान की कीमत 1,952 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
शिमला में जल संकट, चौथे दिन भी कई इलाकों में नहीं पानी
गिरि पेयजल परियोजना में गाद भरने और पाइपलाइन टूटने से शिमला शहर में जल संकट गहरा गया है। कई इलाकों में लगातार चौथे दिन भी पानी नहीं मिल पाया है। साथ ही, अनाडेल-विधानसभा मार्ग भी भूस्खलन के कारण सुबह बंद रहा।
एनएच-5 छोटे वाहनों के लिए बहाल
किन्नौर के स्कीबा में एनएच-5, जो रालढंग खड्ड में बाढ़ के कारण बंद हो गया था, छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। भारी वाहन अभी नहीं चल सकेंगे। बीआरओ और जिला प्रशासन की टीमों ने रातभर मलबा और चट्टानें हटाकर रास्ता साफ किया। मौके पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भी मौजूद रहे।
मंडी-पंडोह हाईवे पर खतरा बना हुआ
चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर मंडी-पंडोह के बीच नौ मील में सड़क की हालत बेहद खराब है। करीब 100 मीटर लंबा हिस्सा टूट चुका है और पहाड़ से लगातार मलबा गिर रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। एनएचएआई ने बताया कि क्षेत्र की पहाड़ी अस्थिर है और यहां 300 मीटर लंबा वायर डक ब्रिज बनाने की योजना है।
प्रदेश में हालात गंभीर बने हुए हैं और आने वाले दिनों में भारी बारिश की चेतावनी ने चिंता और बढ़ा दी है। प्रशासन राहत और बहाली के प्रयासों में जुटा है, लेकिन चुनौती बड़ी है।