अब ट्रेन में भी तय सीमा तक ही ले जा सकेंगे सामान, रेलवे लाने जा रहा नया नियम

अब ट्रेन में भी तय सीमा तक ही ले जा सकेंगे सामान, रेलवे लाने जा रहा नया नियम

19 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: अब ट्रेन में भी तय सीमा तक ही ले जा सकेंगे सामान, रेलवे ने लागू किए लगेज नियम                भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए नया नियम लागू करने जा रहा है। जिस तरह एयरपोर्ट पर लगेज नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है, उसी तरह अब ट्रेन यात्रियों को भी तय सीमा में ही सामान ले जाने की अनुमति होगी। रेलवे ने पहले से लगेज नियम बना रखे थे, लेकिन इन्हें सख्ती से लागू नहीं किया गया था। अब रेलवे इन नियमों को चरणबद्ध तरीके से लागू करने जा रहा है।

भारतीय रेलवे के लगेज नियमों के अनुसार –                                                                                एसी फर्स्ट क्लास यात्री बिना अतिरिक्त शुल्क के 70 किलो तक सामान ले जा सकते हैं।                                       एसी सेकेंड क्लास में यह सीमा 50 किलो है।                                                                               थर्ड एसी और स्लीपर क्लास यात्रियों के लिए सीमा 40 किलो तय की गई है।                                                 वहीं, जनरल क्लास यात्रियों को अधिकतम 35 किलो तक सामान ले जाने की अनुमति होगी।

यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा भी दी जाएगी। नियमों के तहत, हर कैटेगरी के यात्री अपनी सीमा से 10 किलो तक अतिरिक्त सामान बिना किसी समस्या के ले जा सकेंगे। लेकिन इससे अधिक सामान होने पर यात्रियों को लगेज बुक कराना होगा। अगर तय सीमा से ज़्यादा सामान बिना अनुमति के पाया गया, तो जुर्माना देना पड़ेगा।

नियमों के पालन की निगरानी के लिए रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रिक लगेज मशीनें लगाई जाएंगी, जिनसे सामान का वजन और आकार एंट्री के समय ही चेक किया जाएगा।

पहले चरण में यह व्यवस्था लखनऊ और प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर लागू होगी। इनमें प्रयागराज, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, टूंडला, अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर, गोविंदपुरी, इटावा, लखनऊ चारबाग और बनारस जैसे बड़े स्टेशन शामिल हैं।

रेलवे का कहना है कि इस कदम से न केवल यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगी बल्कि भारी और अतिरिक्त सामान से होने वाली दिक्कतों पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।