निवेकली पहल: राहत कैंप से घर वापसी पर महिलाओं को दिए गए सूट

निवेकली पहल: राहत कैंप से घर वापसी पर महिलाओं को दिए गए सूट

दफ्तर जिला लोक संपर्क अधिकारी, फाज़िल्का

फाज़िल्का, 17 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk : फाज़िल्का ज़िले में बाढ़ का असर अब कम होने लगा है और राहत कैंपों से परिवार अपने घर लौट रहे हैं। इसी बीच डिप्टी कमिश्नर अमृतप्रीत कौर संधू की प्रेरणा से सरकारी स्मार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाधूका में बने राहत कैंप में एक अनोखी पहल की गई। यहां से घर लौटती महिलाओं को विदाई स्वरूप एक-एक सूट भेंट किया जा रहा है।

कैंप इंचार्ज प्रिंसिपल राजिंदर विखोणा ने बताया कि यहां 87 परिवार पहुंचे थे, जिनमें लगभग 100 महिलाएं थीं। अब बाढ़ का असर कम होने पर ये परिवार वापस लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैसे बहन मायके से लौटते समय भाई की ओर से एक सूट पाकर भावुक होती है, उसी तरह कैंप से लौटती महिलाओं को भी यह सम्मान देने का निर्णय लिया गया। इस पहल को सफल बनाने में कैंप स्टाफ, विखोणा परिवार के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं जैसे लाडली सरकार मंदिर फाज़िल्का और खुराना डेयरी फार्म ने सहयोग दिया। अब तक करीब 90 महिलाओं को सूट वितरित किए जा चुके हैं।

गांव लौट रही गुड्डो बाई ने कहा कि राहत कैंप में प्रशासन की ओर से हर प्रकार की मदद मिली और यहां उन्हें घर जैसा माहौल महसूस हुआ। विदाई पर जब सूट दिया गया तो लगा मानो हम मायके से अपने घर लौट रहे हों।

राहत 4 घंटे प्रोजेक्ट से बच्चों को जोड़ा
डिप्टी कमिश्नर अमृतप्रीत कौर संधू की अगुवाई में प्रिंसिपल राजिंदर विखोणा ने कैंपों में “राहत चार घंटे प्रोजेक्ट” भी शुरू किया। इसके तहत बच्चों को सह-शैक्षिक गतिविधियों, हैपीनस क्लासों और जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा गया। बच्चों को बाढ़ से बचाव, राहत कैंप में रहन-सहन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। इस कार्य में प्रवीण कुमार, अगम कुमार, राजप्रीत, राजेश कुमार, सुमन रानी, नरेश कुमार, अमर कौर और सामाजिक भलाई विभाग ने सहयोग दिया।