एलपीजी बुकिंग नियमों में बदलाव की खबरें गलत, सरकार ने किया साफ—घबराने की जरूरत नहीं

25 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk: एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ खबरों में नियम बदलने का दावा किया जा रहा था। हालांकि अब सरकार ने इन दावों को गलत बताते हुए साफ कर दिया है कि एलपीजी बुकिंग के नियमों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

35 दिन इंतजार वाली खबर निकली गलत

कई रिपोर्ट्स में कहा गया था कि जिन उपभोक्ताओं के पास डबल बॉटल कनेक्शन (दो सिलेंडर) है, उन्हें अब नया सिलेंडर बुक करने से पहले 35 दिन इंतजार करना होगा, जबकि पहले यह अवधि 25 दिन थी। यह भी दावा किया गया था कि यह नियम शहरी, ग्रामीण और दूरदराज सभी इलाकों में लागू होगा।

लेकिन सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसा कोई नया नियम लागू नहीं किया गया है और यह खबरें भ्रामक हैं।

उज्ज्वला योजना को लेकर भी फैली अफवाह

कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लाभार्थियों को अब 45 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति होगी।

सरकार ने इन दावों को भी खारिज करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना के नियमों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

सप्लाई को लेकर सरकार का बयान

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति मौजूद है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में गैस या ईंधन जमा न करें।

सरकार ने यह भी कहा कि जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक ईंधन की सप्लाई सुचारु रूप से पहुंचती रहे।