26 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: ICC T20 World Cup के सुपर-8 चरण में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल की ओर बड़ा कदम बढ़ा लिया है। इस जीत के साथ कीवी टीम ने न सिर्फ दो अहम अंक बटोरे, बल्कि अपने नेट रन रेट में भी जबरदस्त सुधार किया। नतीजतन, ग्रुप बी की अंकतालिका में पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
25 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका क्रिकेट टीम की पारी 107 रन पर सिमट गई और टीम 61 रन से मैच हार गई। इस हार के साथ श्रीलंका सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया।
इस मुकाबले से पहले सुपर-8 ग्रुप बी में पाकिस्तान दूसरे स्थान पर था, लेकिन न्यूजीलैंड की बड़ी जीत ने उसे तीसरे पायदान पर खिसका दिया। अब न्यूजीलैंड के 3 अंक हो चुके हैं और उसका नेट रन रेट +3.050 है, जो उसे सेमीफाइनल की रेस में मजबूत स्थिति में ले जाता है।
वहीं पाकिस्तान की स्थिति चिंताजनक हो गई है। दो मैचों में उसके पास सिर्फ 1 अंक है और नेट रन रेट -0.461 है। भले ही पाकिस्तान अपना आखिरी सुपर-8 मैच जीत ले, लेकिन न्यूजीलैंड से बेहतर रन रेट हासिल करना उसके लिए बेहद कठिन नजर आ रहा है। ऐसे में टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने की आशंका बढ़ गई है।
मैच की बात करें तो श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और शुरुआती झटके देते हुए न्यूजीलैंड के 6 विकेट 84 रन पर गिरा दिए। इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैकोंकी ने सातवें विकेट के लिए 84 रन की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। यही साझेदारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई, जिससे श्रीलंका उबर नहीं सका।













