10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है। सामने आए नए दस्तावेजों में दावा किया गया है कि टेस्ला प्रमुख एलन मस्क और मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग कैलिफोर्निया में आयोजित एक आलीशान डिनर पार्टी में शामिल हुए थे, जिसे एपस्टीन ने खुद ‘उन्मादी’ करार दिया था।
नए दस्तावेजों के मुताबिक, यह पार्टी बेहद शाही अंदाज में आयोजित की गई थी और इसमें टेक इंडस्ट्री से जुड़े कई प्रभावशाली लोग मौजूद थे। पार्टी में रीड हॉफमैन और पीटर थील जैसे बड़े नामों की मौजूदगी का भी जिक्र किया गया है, जिससे एपस्टीन और उसके नेटवर्क के प्रभाव को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
इन खुलासों के बाद एलन मस्क के पुराने बयानों पर भी सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि मस्क पहले यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने कभी एपस्टीन की किसी पार्टी में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि, ताजा फाइलों में सामने आए विवरण उनके इस दावे के विपरीत नजर आ रहे हैं।
एपस्टीन से जुड़ी लगातार सामने आ रही जानकारियों ने न सिर्फ अमेरिका बल्कि पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी है। नए दस्तावेजों के खुलासों के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई प्रभावशाली हस्तियों की भूमिका को लेकर बहस तेज हो गई है।













