06 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कंथला गांव के लोगों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। राज्य सरकार ने यहां एक नए ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी दे दी है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री Shruti Choudhry ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि कंथला में बनने वाले इस ओवरब्रिज के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 8.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा पुल का आधुनिक डिजाइन और विस्तृत अनुमान (डिटेल्ड एस्टीमेट) तैयार किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि कंथला से मलिकपुर रोड पर स्थित मौजूदा पुल पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इसकी क्षमता बढ़ाने का फैसला लिया गया है। नया पुल 7.5 मीटर चौड़ी सड़क के साथ बनाया जाएगा, जिससे भारी वाहनों और स्थानीय यातायात की आवाजाही सुगम हो सकेगी।
सरकार का मानना है कि नए ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्र में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या में कमी आएगी और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा और पुल के निर्माण कार्य को 30 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस घोषणा के बाद पिहोवा और आसपास के गांवों के लोगों में खुशी की लहर देखी जा रही है।













