21 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (MWBA) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके निवास संत कबीर कुटीर में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए शुरू की गई मुफ्त कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी के लॉन्चिंग कार्यक्रम के लिए समय देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही कार्यक्रम में शामिल होकर इसका उद्घाटन करेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के सामाजिक, आर्थिक और पेशेवर कल्याण से जुड़ा एक विस्तृत ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपा। धरणी ने बताया कि MWBA देश का पहला पत्रकार संगठन है, जो बिना किसी शुल्क के पत्रकारों और उनके परिवारों को कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस सुविधा उपलब्ध करा रहा है। इसके साथ ही संगठन द्वारा टर्म इंश्योरेंस और दुर्घटना बीमा की सुविधाएं भी निःशुल्क दी जा रही हैं, जिनका हर वर्ष नवीनीकरण होता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तीन वर्ष पहले टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी का शुभारंभ कर चुके हैं, जबकि ऊर्जा मंत्री अनिल विज चार वर्ष पूर्व मुफ्त एक्सीडेंटल पॉलिसी लॉन्च कर चुके थे। संगठन गंभीर बीमारियों—जैसे कैंसर और किडनी ट्रांसप्लांट—के मामलों में भी आर्थिक सहायता प्रदान करता रहा है।
ये प्रमुख मांगें रखीं
ज्ञापन में पत्रकारों के लिए न्यूनतम ₹30,000 मासिक पेंशन, नियमों का सरलीकरण, 15 वर्ष की सक्रिय सेवा के बाद पेंशन अधिकार, 58 वर्ष की आयु सीमा, सोशल मीडिया नीति को सरल बनाने, राजस्थान मॉडल की तर्ज पर ₹10 लाख तक कैशलेस इलाज, पारिवारिक पेंशन, सरकारी व निजी बसों में यात्रा सुविधा, पंचकूला में मुख्यालय के लिए रियायती भूमि, आवासीय योजनाएं और पत्रकारों के बच्चों के लिए शिक्षा व सरकारी नौकरियों में 3% आरक्षण जैसी मांगें शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री सैनी ने एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करेगी और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने बीमा पॉलिसी लॉन्चिंग कार्यक्रम में शीघ्र शामिल होने की सहमति भी दी।













