स्पोर्ट्स डेस्क1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

IPL-2025 में आज 2 मैच खेले जाएंगे। दिन के दूसर मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से होगा। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें सीजन में दूसरी बार आमने-सामने होंगी। पिछले मैच में CSK ने MI को 5 विकेट से हराया था।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आज हारी तो उनके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं कम हो जाएंगी। टीम 7 में से केवल 2 मैच ही जीत सकी है। वहीं, 5 मुकाबलों मे उसे हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस की हार हुई तो उनकी भी राह कठिन होगी। मुंबई 7 में से 3 मैच जीती है और 4 में उसे हार मिली है।
वहीं, पहले मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आमने-सामने होंगे। मैच पंजाब के मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।
दूसरे मैच का प्रीव्यू…
मैच डिटेल्स, 38वां मैच MI vs CSK तारीख- 20 अप्रैल स्टेडियम- वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई टाइम: टॉस- 7:00 PM, मैच स्टार्ट – 7:30 PM
मुंबई ने जीते हैं ज्यादा मैच

चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच IPL में अभी तक कुल 40 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 21 में मुंबई ने जीत दर्ज की है। वहीं, 19 में चेन्नई की टीम ने बाजी मारी है। ऐसे में कह सकते हैं कि मुंबई का पलड़ा चेन्नई के खिलाफ भारी है। दोनों लीग की सबसे सफल टीमें हैं। दोनों टीमों ने 5-5 खिताब जीते हैं। मुंबई के होम ग्राउंड पर चेन्नई का रिकॉर्ड खराब है। यहां दोनों टीमें 12 बार आमने-सामने हो चुकी हैं। इसमें 7 बार मुंबई और 5 बार चेन्नई जीती।
मुंबई और चेन्नई की राइवलरी बहुत पुरानी है। दोनों टीमें चार बार लीग के फाइनल में भिड़ी हैं। इसमें तीन बार मुंबई और महज एक बार चेन्नई को जीत मिली। यह लीग के फाइनल में सबसे ज्यादा बार आमने-सामने होने वाली टीमें हैं।
सूर्या MI के टॉप स्कोरर

सूर्यकुमार यादव इस सीजन मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 7 मुकाबलों में 265 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर तिलक वर्मा हैं। उन्होंने 7 मैचों में 231 रन बनाए हैं। टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 6 मैचों में 11 विकेट लिए हैं।
CSK के नूर सीजन के टॉप विकेट टेकर

CSK के रचिन रवींद्र टीम के टॉप स्कोरर है। उन्होंने 7 मैचों में कुल 186 रन बनाए है। उन्होंने सीजन के पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 45 गेंदों में 65 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाज नूर अहमद टीम और सीजन दोनों के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी है। उन्होंने 7 मैचों में 12 विकेट लिए है।
पिच रिपोर्ट वानखेड़े की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित होती है। यहां हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। यहां अब तक IPL के 119 मैच खेले गए हैं। 55 मैच में पहली इनिंग में बैटिंग करने वाली टीम और 64 में ही चेज करने वाली टीम को जीत मिली है। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 235/1 है, जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2015 सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाया था।
वेदर कंडीशन मुंबई में रविवार को मौसम अच्छा रहेगा। यहां आज काफी तेज धूप रहेगी। बारिश की बिल्कुल भी संभावना नहीं है। तापमान 20 से 36 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हवा की रफ्तार 17 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
पॉसिबल प्लेइंग-12 मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), रायन रिकेलटन, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, कर्ण शर्मा, रोहित शर्मा।
चेन्नई सुपर किंग्स: एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), शेख रशीद, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, रवींद्र जडेजा, जैमी ओवर्टन, अंशुल कम्बोज, नूर अहमद, खलील अहमद, मथीश पथिराना, शिवम दुबे।
