17 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: Madhya Pradesh Board of Secondary Education (एमपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं परीक्षा 2026 के रिजल्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने की तैयारियां तेज कर दी हैं और अब तक लगभग 70 फीसदी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य प्रदेश में इस साल 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में करीब 16 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद बोर्ड ने कॉपियों की जांच का काम शुरू कर दिया था।
90 लाख कॉपियों का मूल्यांकन
बोर्ड के अनुसार इस वर्ष कुल करीब 90 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है। इनमें से अब तक 55 लाख से ज्यादा कॉपियों की जांच पूरी हो चुकी है, जो कुल मूल्यांकन का लगभग 70 प्रतिशत है।
18 हजार शिक्षक कर रहे जांच
राज्य के अलग-अलग जिलों में मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 18 हजार शिक्षक प्रतिदिन निर्धारित संख्या में कॉपियों की जांच कर रहे हैं।
23 मार्च से शुरू होगा अंतिम चरण
बोर्ड द्वारा कॉपियों की जांच का चौथा और अंतिम चरण 23 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इसके बाद बचे हुए मूल्यांकन का काम तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि रिजल्ट तैयार किया जा सके।
कब आ सकता है रिजल्ट?
अनुमान है कि मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद रिजल्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 15 अप्रैल 2026 तक जारी किया जा सकता है।













