22 से शुरू होगा मानसून सत्र: HKRN कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा समेत इन 17 एजेंडों पर लगेगी मुहर

01 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से, कैबिनेट बैठक में 17 अहम एजेंडों को मंजूरी                                                                                                                          हरियाणा में विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त से शुरू होगा। यह फैसला शुक्रवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। इस बैठक में कुल 21 एजेंडों पर चर्चा हुई, जिनमें से 17 को मंजूरी दी गई।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि जिन प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है, उनमें हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लिए सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले एसओपी (SOP) शामिल हैं। इससे इन कर्मचारियों को अधिक स्थायित्व और सुरक्षा मिलेगी।

गन्नौर में विश्व स्तरीय मंडी:
गन्नौर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कृषि मंडी बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 3000 करोड़ रुपये है, जिसमें से नाबार्ड से 1850 करोड़ रुपये का ऋण हरियाणा सरकार की गारंटी पर स्वीकृत किया गया है। यह मंडी न केवल हरियाणा, बल्कि अन्य राज्यों के किसानों को भी लाभ पहुंचाएगी।

पूर्व विधायकों को चिकित्सा भत्ता:
कैबिनेट ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के पूर्व विधायकों को 10,000 रुपये प्रति माह चिकित्सा भत्ता देने का फैसला भी लिया है, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

एग्रो मॉल एलॉटीज को राहत:
एग्रो मॉल के एलॉटीज को राहत देने के लिए ‘विवादों का समाधान-2’ योजना शुरू की गई है। तय समय पर एलॉटमेंट न मिलने की स्थिति में 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ भुगतान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री का बयान:
कलेक्टर रेट को लेकर सीएम सैनी ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर फैसले लेती है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार अमीरों के हित में निर्णय लेती थी। उन्होंने कहा कि अब केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाएं गरीबों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।

कैबिनेट बैठक में लिए गए ये फैसले प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में अहम माने जा रहे हैं।