Hindi English Punjabi

मिस वर्ल्ड 2025: थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी बनीं विजेता, हैदराबाद में हुआ आयोजन

5

1 June 2025

31 मई 2025 को हैदराबाद के HITEX कन्वेंशन सेंटर में ‘मिस वर्ल्ड 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में दुनियाभर से आई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने ‘मिस वर्ल्ड 2025’ का ताज अपने नाम किया। वहीं भारत की नंदिनी गुप्ता टॉप 8 में अपनी जगह नहीं बना सकीं।

कौन हैं ओपल सुचाता चुआंगसरी?
ओपल सुचाता चुआंगसरी का जन्म 20 सितंबर 2003 को थाईलैंड में हुआ था। वह एक प्रसिद्ध मॉडल और ब्यूटी क्वीन हैं। सुचाता पहली थाई महिला बनीं हैं जिन्हें मिस वर्ल्ड का खिताब मिला है। इससे पहले वह ‘मिस यूनिवर्स थाईलैंड 2024’ का खिताब भी जीत चुकी हैं। साथ ही वह ‘मिस यूनिवर्स 2024’ प्रतियोगिता में थाईलैंड का प्रतिनिधित्व करते हुए थर्ड रनर-अप रही थीं। सुचाता का परिवार निजी व्यवसाय से जुड़ा है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा काजोनकीत्सुक्सा स्कूल से प्राप्त की और आगे चलकर राजनीति विज्ञान व अंतरराष्ट्रीय संबंधों में डिग्री हासिल की।

ताज पहनते समय सुचाता भावुक नजर आईं। वह सिल्वर बॉडी-फिटेड गाउन में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। मंच पर उन्होंने हाथ जोड़कर सभी का धन्यवाद किया और उनकी आंखों में आंसू थे। इस भावुक क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नंदिनी गुप्ता रहीं बाहर, बॉलीवुड सितारे रहे शामिल
भारत की 21 वर्षीय नंदिनी गुप्ता, जो राजस्थान के कोटा की रहने वाली हैं, इस प्रतियोगिता का हिस्सा थीं। साल 2023 में उन्होंने ‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड’ का खिताब जीता था। नंदिनी बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुकी हैं और पब्लिक स्पीकिंग में भी माहिर हैं। वह न केवल फैशन की दुनिया में सक्रिय हैं, बल्कि सामाजिक मुद्दों जैसे कैंसर जागरूकता, महिला अधिकार और पर्यावरण से जुड़े उत्पादों पर भी काम कर रही हैं।

इस आयोजन में कई बॉलीवुड हस्तियां भी शामिल हुईं, जिनमें सोनू सूद, जैकलीन फर्नांडिस और ईशान खट्टर जैसे सितारे प्रमुख रहे।