मिडिल ईस्ट तनाव का असर: क्रूड ऑयल 103 डॉलर पार, होर्मुज स्ट्रेट पर सख्ती से बढ़ी चिंता

26 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर उछाल देखने को मिला है। गुरुवार को वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड 103 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि WTI क्रूड भी करीब 91 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता दिखा।

दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने बाजार की चिंताओं को बढ़ा दिया है। एक ओर अमेरिका संघर्ष को कम करने की बात कर रहा है, वहीं ईरान इन दावों को खारिज करते हुए रणनीतिक कदम उठा रहा है।

सबसे बड़ा असर होर्मुज स्ट्रेट पर देखने को मिल रहा है, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति मार्गों में से एक है। ईरान द्वारा यहां नियंत्रण कड़ा करने और गुजरने वाले जहाजों पर संभावित सुरक्षा शुल्क लगाने की खबरों ने सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है।

इस समुद्री रास्ते से हर दिन लाखों बैरल तेल की आपूर्ति होती है। लेकिन हालिया हालात के चलते टैंकरों की आवाजाही में कमी आई है और जांच प्रक्रिया कड़ी होने से सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका असर सिर्फ कच्चे तेल ही नहीं, बल्कि डीजल, पेट्रोल और एविएशन फ्यूल की कीमतों पर भी पड़ रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सप्लाई में रुकावट और भू-राजनीतिक तनाव के कारण तेल की कीमतों में अल्पकालिक तेजी बनी रह सकती है।