03 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब शिक्षा व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। मौजूदा हालात को देखते हुए Central Board of Secondary Education (CBSE) ने बड़ा फैसला लेते हुए 5 और 6 मार्च को आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। बोर्ड ने 3 मार्च को जारी सर्कुलर में कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है।
सीबीएसई के अनुसार, Bahrain, Iran, Kuwait, Oman, Qatar, Saudi Arabia और United Arab Emirates में स्थित संबद्ध स्कूलों में 5 व 6 मार्च को प्रस्तावित परीक्षाएं आयोजित नहीं की जाएंगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके साथ ही CBSE ने बताया कि 7 मार्च के बाद निर्धारित परीक्षाओं को लेकर 5 मार्च को स्थिति की समीक्षा की जाएगी और उसी आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी, ताकि छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इससे पहले भी 2 मार्च को प्रस्तावित परीक्षाएं क्षेत्रीय हालात के कारण टाल दी गई थीं, जिनकी नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और स्कूल प्रशासन के माध्यम से अपडेट लेते रहें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।













