हमीरपुर में चिट्टे के खिलाफ मेगा वॉकथॉन: सीएम सुक्खू की अगुवाई में सैकड़ों लोगों ने दिया नशा विरोधी संदेश

हमीरपुर में चिट्टे के खिलाफ मेगा वॉकथॉन: सीएम सुक्खू की अगुवाई में सैकड़ों लोगों ने दिया नशा विरोधी संदेश

16 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश सरकार के चिट्टा (नशा) विरोधी अभियान के तहत मंगलवार को हमीरपुर में एक मेगा वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा की अगुवाई मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने की, जिसमें सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे के खिलाफ एकजुटता दिखाई।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने सुबह शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान से वॉकथॉन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम से पहले पुलिस के प्रसिद्ध ऑर्केस्ट्रा ‘हारमनी ऑफ पाइन्स’ के कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।

यह मेगा वॉकथॉन स्कूल मैदान से शुरू होकर नादौन चौक, गांधी चौक, मुख्य बाजार, भोटा चौक और हथली खड्ड पुल से गुजरते हुए दोसड़का स्थित पुलिस मैदान में समाप्त हुई, जहां मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।

वॉकथॉन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमीरपुर शहर में यातायात को अस्थायी रूप से रोका गया। सभी वाहनों को अणु, पक्का भरो और मट्टनसिद्ध मार्गों से बाईपास की ओर डायवर्ट किया गया।

इस आयोजन के जरिए सरकार ने युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त हिमाचल का मजबूत संदेश दिया।