गुवाहाटी में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग: 33 घंटे बाद भी हालात बेकाबू, राहत-बचाव जारी

गुवाहाटी में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग: 33 घंटे बाद भी हालात बेकाबू, राहत-बचाव जारी

11 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  गुवाहाटी के स्वागता स्क्वायर कॉम्प्लेक्स में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात लगी भीषण आग 33 घंटे बाद भी पूरी तरह काबू में नहीं आ सकी है। आग की लपटों ने पूरे व्यावसायिक परिसर में हड़कंप मचा दिया है। इस कॉम्प्लेक्स में एसबीआई का जोनल कार्यालय, कमर्शियल ब्रांच, प्रीमियम बैंकिंग ब्रांच और ‘सोहम एम्पोरिया’ नामक शॉपिंग मॉल स्थित हैं।

आग बुझाने के लिए 25 से अधिक फायर टेंडर मौके पर तैनात हैं। इसके अलावा भारतीय वायुसेना, सेना और गुवाहाटी रिफाइनरी के जल टेंडर भी सहायता कर रहे हैं। एनडीआरएफ की उच्च तकनीक वाली स्मोक रिडक्शन मशीन को भी मौके पर लगाया गया है। गुवाहाटी के साथ-साथ मोरिगांव, कामरूप और नलबाड़ी से भी फायर टेंडर बुलाए गए हैं।

33 घंटे बाद भी इमारत की छठी मंजिल पर आग धधक रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग दूसरे फ्लोर के मॉल के गोदाम से शुरू हुई, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान और कपड़े रखे थे। इमारत के पीछे के हिस्से तक भी आग फैली है, लेकिन निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी होने के कारण फायर टेंडर वहां नहीं पहुंच पा रहे।

अब तक एक फायरफाइटर के घायल होने की सूचना है। प्रशासन ने आग को फैलने से रोकने के लिए तुरंत सुरक्षा और निकासी प्रक्रियाएं शुरू कर दी थीं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का कहना है कि प्रभावित मंजिलों को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन विस्तृत आकलन आग पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद ही किया जाएगा।