28 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: ट्रंप टैरिफ से हिला भारतीय शेयर बाजार, सेंसेक्स 650 अंक टूटा, निफ्टी भी फिसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर 50% तक टैरिफ लगाने के फैसले का असर गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार पर साफ दिखा। गणेश चतुर्थी की छुट्टी के बाद बाजार खुलते ही निवेशकों में घबराहट छा गई और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में फिसल गए।
शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट सुबह 9:25 बजे सेंसेक्स करीब 678 अंक (0.84%) टूटकर 80,108 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी 176 अंकों की गिरावट के साथ 24,535 के करीब पहुंच गया। शुरुआती सत्र में 1458 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे, जबकि 1023 कंपनियों में तेजी देखने को मिली।
दिग्गज कंपनियों पर दबाव बाजार खुलते ही ICICI बैंक, HDFC बैंक, इंफोसिस, HCL टेक, एनटीपीसी और जियो फाइनेंस जैसे हैवीवेट स्टॉक्स दबाव में आ गए। वहीं, गिरावट के दौर में भी हीरो मोटोकॉर्प, एशियन पेंट्स और टाइटन जैसे शेयरों में खरीदारी का रुझान देखने को मिला।
सबसे ज्यादा असर निर्यात आधारित सेक्टर्स पर अमेरिकी टैरिफ का सीधा असर टेक्सटाइल, जेम्स एंड ज्वेलरी, कालीन, फर्नीचर और झींगा (श्रिम्प) सेक्टर पर पड़ा। इन सेक्टर्स से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 0.88% टूटा।
निवेशकों में अनिश्चितता बढ़ी बाजार की अस्थिरता को मापने वाला इंडिया VIX गुरुवार को करीब 5% उछला, जो निवेशकों के बीच बढ़ती चिंता और सतर्कता को दर्शाता है। लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स—बैंकिंग, मेटल, आईटी और रियल्टी—लाल निशान में रहे।
लगातार दूसरे दिन गिरावट मंगलवार को भी बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स 849 अंक गिरकर 80,786 पर और निफ्टी 255 अंक टूटकर 24,712 पर बंद हुआ था।











