16 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: दांतों और मसूड़ों की सेहत हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी होती है। आजकल की अनियमित जीवनशैली, मीठे खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन और सही तरीके से ब्रश न करने की आदत के कारण दांतों में सड़न, पीलापन, मसूड़ों से खून आना और मुंह की बदबू जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। ऐसे में कई लोग महंगे टूथपेस्ट और अलग-अलग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हमेशा मनचाहा परिणाम नहीं मिल पाता।
हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि कुछ प्राकृतिक और हर्बल चीजें दांतों की देखभाल के लिए काफी प्रभावी हो सकती हैं। इन्हीं में से एक उपाय है घर पर तैयार किया गया हर्बल टूथपेस्ट। हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. लवलीन ने सोशल मीडिया के जरिए एक आसान होममेड हर्बल टूथपेस्ट की रेसिपी साझा की है, जिसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है।
हर्बल टूथपेस्ट बनाने के लिए सामग्री:
नीम पाउडर – 35 ग्राम
मुलेठी पाउडर – 20 ग्राम
बेकिंग सोडा – 5 ग्राम
त्रिफला पाउडर – 10 ग्राम
लौंग पाउडर – 5 ग्राम
दालचीनी पाउडर – 3 से 5 ग्राम
एसेनशियल ऑयल – 1 टेबलस्पून
बनाने का तरीका:
सबसे पहले एक साफ और सूखे बाउल में नीम, मुलेठी, त्रिफला, लौंग और दालचीनी पाउडर को अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें बेकिंग सोडा मिलाकर दोबारा मिक्स करें। अब इसमें एसेनशियल ऑयल डालकर मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं। अगर आप इसे पेस्ट जैसा बनाना चाहते हैं तो इसमें कुछ बूंदें नारियल तेल की भी मिला सकते हैं। तैयार मिश्रण को एक एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें और रोजाना ब्रश करते समय थोड़ी मात्रा में इस्तेमाल करें।
हर्बल टूथपेस्ट के फायदे:
यह टूथपेस्ट दांतों की बेहतर सफाई में मदद करता है और प्लाक हटाने में सहायक हो सकता है। मुलेठी और लौंग के एंटीबैक्टीरियल गुण मसूड़ों को मजबूत बनाने और सूजन या खून आने की समस्या कम करने में मदद कर सकते हैं। वहीं दालचीनी और लौंग मुंह की बदबू को कम करने में सहायक होती हैं। इसके नियमित उपयोग से दांतों का पीलापन भी धीरे-धीरे कम हो सकता है।
घर पर तैयार यह हर्बल टूथपेस्ट केमिकल-फ्री होता है और प्राकृतिक जड़ी-बूटियों से बना होने के कारण दांतों और मसूड़ों की देखभाल के लिए एक सुरक्षित विकल्प माना जाता है।













