हैदराबाद में बड़ा आतंकी हमला टला, आईएसआईएस से जुड़े दो संदिग्ध गिरफ्तार; पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

19 मई, 2025 Fact Recorder

रविवार को हैदराबाद में एक बड़ा आतंकी हमला टल गया। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो संदिग्ध – सिराज उर रहमान (29) और सैयद समीर (28) – को गिरफ्तार किया गया है। दोनों का सऊदी अरब स्थित आईएसआईएस मॉड्यूल से संबंध होने का संदेह है। पुलिस ने सिराज को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से और समीर को हैदराबाद से पकड़ा। दोनों शहर में एक डमी बम विस्फोट की योजना बना रहे थे। जांच में पता चला कि सिराज ने विजयनगरम से अमोनिया, सल्फर और एल्युमीनियम पाउडर जैसी विस्फोटक सामग्री जुटाई थी। इन्हें हैदराबाद में धमाके की ट्रेनिंग दी जा रही थी। इस अभियान में तेलंगाना की काउंटर इंटेलिजेंस और आंध्र प्रदेश इंटेलिजेंस टीमें शामिल थीं। दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ी सतर्कता  हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले में 26 लोगों की हत्या के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाब में गैंगस्टर हैप्पी पासियन के 15 ठिकानों पर छापेमारी की। ये ठिकाने खालिस्तानी आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो पिछले साल गुरदासपुर में पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमले का आरोपी है। सुरक्षा बल फरार आतंकियों की तलाश में जुटे हैं। पहलगाम हमले के बाद खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी आतंकी साजिश को नाकाम करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।