शिक्षा नीति में बड़े बदलाव की तैयारी, CBSE स्कूलों में अंग्रेजी और गणित के लिए होंगे स्पेशल इंस्ट्रक्टर: मुख्यमंत्री सुक्खू

05 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk :  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा नीति में बड़े स्तर पर बदलाव करने जा रही है। इसके तहत CBSE के अधीन लाए जा रहे सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी और गणित विषय के लिए विशेष इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए जाएंगे। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री यह बात नादौन विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान ग्राम पंचायत अमलैहड़ स्थित अपने पैतृक गांव भवड़ां में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित गुग्गा धाम एवं पार्क के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने बताया कि अमलैहड़ स्कूल को CBSE का दर्जा प्रदान कर दिया गया है। यहां राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और अगले वर्ष से कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इसके अलावा अमलैहड़ सहित प्रदेश के चार चयनित स्कूलों में मल्टीपल सब्जेक्ट सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन कर सकेंगे।

किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती से उगाई गई फसलों की ऊंची दरों पर खरीद सुनिश्चित कर रही है। प्राकृतिक खेती से उगाई गई हल्दी को 90 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जा रहा है और पांच कनाल भूमि पर हल्दी की खेती से किसान तीन लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि सरकार बंजर भूमि पर सोलर प्लांट लगाने के लिए सब्सिडी दे रही है। चार कनाल भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित कर युवा प्रतिवर्ष लगभग तीन लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ कमा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए यूवी तकनीक और ओजोनेशन प्रक्रिया का उपयोग किया जा रहा है, जिससे ब्लीचिंग पाउडर के प्रयोग से बचा जा सके।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत गौना के गांव पखरोल में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बने श्री वैकुंठ धाम एवं पार्क का लोकार्पण किया तथा नादौन शहर के इंद्रपाल चौक पर स्वतंत्रता सेनानी इंद्रपाल की प्रतिमा एवं स्मारक का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।