यूपी के मौसम में आज से बड़ा बदलाव: बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अलर्ट, कई जिलों में चेतावनी

04 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: उत्तर प्रदेश में आज से मौसम करवट लेने जा रहा है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और सहारनपुर में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक इसका असर मध्य और पूर्वी यूपी तक फैल जाएगा। लगभग 35 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

ओलावृष्टि को लेकर जिन प्रमुख जिलों में अलर्ट जारी हुआ है, उनमें लखनऊ, अयोध्या, कानपुर, झांसी, सीतापुर, रायबरेली और उन्नाव सहित कई जिले शामिल हैं।

राजधानी लखनऊ में भी आज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने के आसार हैं। हवाओं की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इससे पहले शुक्रवार को वाराणसी और सुल्तानपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बलिया और बांदा भी गर्म रहे।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिणी अफगानिस्तान और आसपास के पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला, कांगड़ा और कुल्लू सहित कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है, और 9 अप्रैल तक मौसम खराब रहने की संभावना है।