यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 12 IPS अधिकारियों का किया ट्रांसफर

10अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव जारी हैं। हाल ही में आईएएस अधिकारियों के तबादलों के बाद अब योगी आदित्यनाथ सरकार ने 12 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है। सरकार का कहना है कि यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, सहारनपुर ग्रामीण के एएसपी सागर जैन को प्रयागराज में डीसीपी नियुक्त किया गया है। वहीं गोंडा (पूर्वी) के एएसपी मनोज कुमार रावत को संभल (दक्षिणी) भेजा गया है। मेरठ के एएसपी आयुष विक्रम सिंह को बहराइच नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा, सीतापुर के एएसपी विनायक गोपाल भोसले को मेरठ नगर का एएसपी बनाया गया है, जबकि मेरठ के एएसपी अंतरिक्ष जैन को बुलंदशहर ग्रामीण क्षेत्र में तैनात किया गया है।

वहीं गौतमबुद्ध नगर की एसीपी ट्विंकल जैन को लखनऊ में एडीसीपी बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद की एसीपी लिपि नागयाच को वाराणसी में एडीसीपी नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही प्रयागराज के एसीपी राजकुमार मीणा को मिर्जापुर (नक्सल क्षेत्र) और लखनऊ के एसीपी ऋषभ रुनवाल को सोनभद्र (नक्सल क्षेत्र) में एएसपी के पद पर तैनात किया गया है।

सरकार का मानना है कि इन तबादलों से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।