16 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद निर्वाचन आयोग ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को उनके पदों से हटा दिया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद यह फैसला लिया गया। आयोग का कहना है कि यह कदम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
आयोग के निर्देश पर 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दुष्यंत नरियाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं 1997 बैच की आईएएस अधिकारी संघमित्रा घोष को गृह और पहाड़ी मामलों के विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।
निर्वाचन आयोग ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि ये तबादले तुरंत लागू किए जाएं और 16 मार्च दोपहर 3 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट भेजी जाए। साथ ही हटाए गए अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनावी कार्य में तैनात नहीं किया जाएगा।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा—23 अप्रैल और 29 अप्रैल को, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।











