उत्तराखंड में बड़ा हादसा: हिमाचल की यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, कई मौतों की आशंका; दोनों राज्यों के CM सतर्क

03 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  उत्तराखंड के देहरादून जिले में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कालसी क्षेत्र के चौपाल–पांवटा मार्ग पर यात्रियों से भरी हिमाचल परिवहन निगम (HRTC) की बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में कई यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बस में करीब 34 से 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एंबुलेंस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।

हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में बस के अचानक अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

इस हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दोनों ही सक्रिय हो गए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को त्वरित राहत-बचाव कार्य के निर्देश दिए और सभी चिकित्सा केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखने के आदेश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की भी बात कही गई है।

वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी हादसे को हृदयविदारक बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। संकरे और घुमावदार पहाड़ी रास्तों पर जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो जाती है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी और अनुभव बेहद जरूरी माना जाता है।