07 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बड़ा हादसा: खाई में गिरी CRPF जवानों की गाड़ी, 3 शहीद, 15 घायल जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों से भरी एक गाड़ी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में 3 जवान शहीद हो गए हैं, जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके के पास हुई। CRPF की 187वीं बटालियन के 18 जवान कदवा से बसंतगढ़ की ओर जा रहे थे, तभी उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। गिरने के बाद वाहन कई चट्टानों से टकराया, जिससे जवानों को गंभीर चोटें आईं।
तुरंत चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और CRPF की अन्य यूनिट ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दिल्ली तक मचा हड़कंप, केंद्रीय मंत्री और उपराज्यपाल ने जताया दुख
इस दुर्घटना की खबर जैसे ही राष्ट्रीय स्तर पर पहुंची, दिल्ली तक हड़कंप मच गया। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा:
“उधमपुर में कंदवा-बसंतगढ़ क्षेत्र में CRPF वाहन की दुर्घटना की खबर से व्यथित हूं। मैंने DC से बात की है, रेस्क्यू कार्य शुरू कर दिए गए हैं और हर संभव सहायता की जा रही है।”
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी जवानों की शहादत पर गहरा दुख जताते हुए कहा:
“हम राष्ट्र के लिए उनकी सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारियों को सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।”
हादसे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस और CRPF के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी से हुई या किसी और वजह से।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सुरक्षाबलों की कठिन ड्यूटी और खतरनाक हालात में काम करने की चुनौतियों को उजागर कर दिया है।