Hindi English Punjabi

संगम पर राष्ट्रपति ने प्रवासी पक्षियों को खिलाया दाना; माघ पूर्णिमा से पहले भीड़

10 Feb 2025: Fact Recorder

Mahakumbh 2025 Live: मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान करने वालों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। महाकुंभ के अभी 17 दिन शेष हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि स्नान करने वालों की संख्या 50 करोड़ पार कर जाएगी।

10:44 AM, 10-Feb-2025

कुछ देर में संगम में डुबकी लगाएंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगी। इसके बाद पूजा-अर्चना करेंगी।

10:31 AM, 10-Feb-2025

‘उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं’

प्रयागराज में पवित्र स्नान करने के बाद तेलंगाना के मंत्री और कांग्रेस नेता कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने कहा कि “…मैं यहां आकर धन्य महसूस कर रहा हूं। यह अवसर 144 साल बाद आया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत अच्छे इंतजाम किए हैं। भगदड़ में कुछ लोगों की मौत हो गई, मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले…”

राष्ट्रपति ने संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने त्रिवेणी संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद हैं।

10:06 AM, 10-Feb-2025

प्रयागराज पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रयागराज पहुंच चुकी हैं। वीआईपी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम है।आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्नान करेंगी।

10:03 AM, 10-Feb-2025

संगम पर लंबी लाइन

सुबह से ही बड़ी संख्या में महाकुंभ में श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। संगम की ओर जाने के लिए लंबी लाइन लगी हैं। तो वहीं सुबह 3 बजे से स्नान जारी है। श्रद्धालु बोले कि एक घंटे में लेटे हनुमान जी के दर्शन हो रहे हैं।

09:24 AM, 10-Feb-2025

9 फरवरी तक संगम में 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान

महाकुंभ में बीती 9 फरवरी 2025 को रात आठ बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं 1.47 करोड़ यात्री पहुंचे। बीते रविवार को रात आठ बजे तक 1.57 करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया। 9 फरवरी तक संगम में 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया।

09:22 AM, 10-Feb-2025

आज सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

महाकुंभ में 10 फरवरी 2025 को सुबह आठ बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु और वहीं 36.19 लाख यात्री पहुंचे। आज सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। वहीं बीती 9 फरवरी तक 43.57 करोड़ से ज्यादा लोग संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।

09:07 AM, 10-Feb-2025

महाकुंभ में लोगों की फिर से भीड़ बढ़ रही

प्रयागराज में संगम स्नान के लिए श्रद्धालु आगे बढ़ रहे हैं। आज भी सुबह तीन बजे से ही स्नान जारी है। वहीं प्रयागराज आने और जाने वाले रास्तों पर जाम की समस्या है। लोगों को मिनटों की दूरी घंटों में तय करनी पड़ रही है।