लो ब्लड प्रेशर भी बन सकता है हार्ट अटैक का कारण, नई रिसर्च में बड़ा दावा

24 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Health Desk:  आमतौर पर हाई ब्लड प्रेशर को हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का सबसे बड़ा खतरा माना जाता है, लेकिन एक नई रिसर्च में सामने आया है कि बहुत ज्यादा लो बीपी भी दिल के लिए उतना ही खतरनाक हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की एक टीम द्वारा किए गए इस अध्ययन में Imperial College London के वैज्ञानिक भी शामिल थे। रिसर्च के अनुसार, जिन लोगों को पहले से हार्ट की बीमारी है, अगर उनका ब्लड प्रेशर 100/80 mmHg से कम हो जाता है तो हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसे मरीजों में बीपी न तो ज्यादा होना चाहिए और न ही बहुत कम।

रिसर्च में बताया गया है कि जब ब्लड प्रेशर जरूरत से ज्यादा गिर जाता है तो दिल तक पर्याप्त मात्रा में खून और ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इससे हार्ट मसल्स कमजोर होने लगती हैं और दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जो हार्ट अटैक का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य ब्लड प्रेशर लगभग 120/80 mmHg माना जाता है, जबकि 90/60 mmHg से कम बीपी को लो ब्लड प्रेशर की श्रेणी में रखा जाता है, जो सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

दिल्ली के राजीव गांधी हॉस्पिटल में कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि लो ब्लड प्रेशर को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जबकि यह भी एक गंभीर समस्या है। उनका कहना है कि बीपी का नॉर्मल रेंज से ऊपर या नीचे जाना, दोनों ही स्थितियां दिल और दिमाग के लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। यदि किसी व्यक्ति का बीपी 90/60 mmHg से नीचे चला जाए तो इसे मेडिकल इमरजेंसी मानकर तुरंत अस्पताल जाना चाहिए।

विशेषज्ञों के मुताबिक, लो बीपी होने पर ब्रेन तक ऑक्सीजन की सप्लाई कम हो जाती है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी, धुंधला दिखना और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं हार्ट तक ऑक्सीजन न पहुंचने पर दिल की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ जाता है। हार्ट मरीजों, बुजुर्गों, बीपी की दवाएं लेने वालों और डिहाइड्रेशन से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।