30 मई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Leena Tiwari ने 703 करोड़ में खरीदे दो लग्जरी डुप्लेक्स फ्लैट, बना देश का सबसे बड़ा रियल एस्टेट सौदा
यूएसवी फार्मास्यूटिकल्स की चेयरपर्सन लीना तिवारी हाल ही में देश की सबसे महंगी आवासीय संपत्ति खरीदकर सुर्खियों में आ गई हैं। उन्होंने मुंबई के वर्ली में समुद्र के किनारे स्थित एक प्रीमियम टॉवर की 32वीं से 35वीं मंजिल पर दो आलीशान डुप्लेक्स अपार्टमेंट खरीदे हैं। इस ऐतिहासिक सौदे की कुल लागत करीब 703 करोड़ रुपये है, जिसमें 639 करोड़ रुपये की संपत्ति कीमत और 63.9 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और जीएसटी शामिल हैं।
अरब सागर के सामने, हर मंजिल पर शाही ठाठ
लीना तिवारी द्वारा खरीदी गई यह संपत्ति मुंबई के वर्ली इलाके में अरब सागर के सामने स्थित एक 40 मंजिला प्रीमियम रेजिडेंशियल टॉवर में है। फ्लैट का कुल कार्पेट एरिया लगभग 22,572 वर्ग फुट है, यानी कीमत प्रति वर्ग फुट ₹2.83 लाख से अधिक बैठती है। यह सौदा भारतीय रियल एस्टेट इतिहास में सबसे महंगे लेनदेन में शामिल हो गया है।
फार्मा इंडस्ट्री की प्रमुख और लो-प्रोफाइल बिजनेसवुमन
लीना तिवारी देश की सबसे अमीर महिलाओं में गिनी जाती हैं। Forbes के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति $3.9 अरब डॉलर (लगभग ₹32,000 करोड़) है। उनकी कंपनी यूएसवी फार्मा डायबिटीज, हार्ट और कोलेस्ट्रॉल से जुड़ी दवाओं जैसे ग्लाइकोमेट, इकोस्प्रिन और रोजडे के लिए जानी जाती है।
हालांकि इतनी बड़ी कारोबारी हस्ती होने के बावजूद लीना तिवारी और उनके पति प्रशांत तिवारी (यूएसवी के मैनेजिंग डायरेक्टर) लाइमलाइट से दूर रहते हैं। वे शांत और दीर्घकालिक रणनीति पर भरोसा करने वाले कारोबारी माने जाते हैं। अंबानी परिवार से भी उनके अच्छे संबंध बताए जाते हैं।
निजी कंपनी, मजबूत पकड़
यूएसवी अब तक एक पूरी तरह पारिवारिक स्वामित्व वाली कंपनी है। न तो इसमें किसी निजी इक्विटी फंड की हिस्सेदारी है, न ही कंपनी अब तक शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी ने ₹4,840 करोड़ का राजस्व हासिल किया, जो भारतीय दवा बाजार में उसकी मजबूत स्थिति को दर्शाता है।












