18 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कुख्यात अपराधी बॉबी कबूतर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के बड़े गैंगस्टर के रूप में पहचाने जाने वाले बॉबी कबूतर पर हत्या, हत्या के प्रयास और संगठित अपराध समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले पंजाब में मौजूद था और अपने एक साथी के साथ मिलकर उनके घर और आसपास के इलाके की रेकी की थी। हाल ही में नदीम ब्रदर्स हत्याकांड में भी उस पर सबसे ज्यादा गोलियां चलाने का आरोप सामने आया था। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दर्ज कई मामलों में वांछित चल रहे इस बदमाश को गुप्त सूचना के आधार पर दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर से पकड़ा गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस गिरफ्तारी से गैंग के नेटवर्क और मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।











