27 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी है। कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर अर्द्धकुंवारी के पास भूस्खलन में 32 श्रद्धालुओं की मौ*त हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हैं। हादसा इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ, जहां त्रिकुटा पहाड़ी का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया है। आशंका है कि कई लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं। सेना और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
लगातार बारिश से जम्मू संभाग के लगभग सभी जिले प्रभावित हैं। तवी, चिनाब, रावी समेत प्रमुख नदियां उफान पर हैं। कई पुल ध्वस्त हो गए, सैकड़ों सड़कें बंद हैं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 12 स्थानों पर अवरुद्ध है। बाढ़ जैसी स्थिति के चलते जम्मू आने-जाने वाली 18 ट्रेनें और दो उड़ानें रद्द कर दी गईं। शहर में तवी नदी के पुल का हिस्सा धंसने से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। कई इलाकों में संचार सेवाएं ठप हैं, जिससे लोगों का अपनों से संपर्क नहीं हो पा रहा।
भारी बारिश के चलते सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और गैरजरूरी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं। हाईकोर्ट की 28 अगस्त को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई है। प्रशासन ने रात 9 बजे के बाद आवाजाही पर पाबंदी लगाई है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात की समीक्षा की और अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने जल्द ही जम्मू पहुंचने की घोषणा की। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सावधानी बरतने की अपील की है।












