कुल्लू में भूस्खलन की त्रासदी, एक परिवार के पांच लोगों की मौ*त, दो मकान हुए पूरी तरह क्षतिग्रस्त

कुल्लू में भूस्खलन की त्रासदी, एक परिवार के पांच लोगों की मौ*त, दो मकान हुए पूरी तरह क्षतिग्रस्त

09 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: कुल्लू में भूस्खलन और बाढ़ का कहर: एक परिवार के पांच लोगों की मौ*त, कई सड़कें और सेवाएं ठप                                                                                                                    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक बार फिर भूस्खलन की त्रासदी देखने को मिली। देर रात निरमण्ड खंड की घाटू पंचायत के शमानी गांव में भूस्खलन के कारण एक मकान मलबे की चपेट में आ गया। मकान में सो रहे एक ही परिवार के आठ लोगों में से तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि पांच लोग दब गए और उनकी मौत हो गई। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं। घटना की पुष्टि एसडीएम मनमोहन सिंह ने की और राहत-बचाव कार्य के लिए प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंची। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है।

सड़कों और यातायात पर प्रभाव
भारी बारिश के चलते कुल्लू-मनाली हाईवे पर भी परेशानी रही। एनएचएआई ने हाईवे-305 को लारजी से बंजार तक छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट हाईवे दो सप्ताह बाद छोटी गाड़ियों के लिए खोला गया। हालांकि, अभी भी कुल्लू जिले में 94 सड़कें बंद हैं और 104 ट्रांसफार्मर बंद होने से 520 गांवों में अंधेरा पसरा है।

बिजली, पेयजल और हवाई सेवाएं प्रभावित
प्रदेश में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 744 सड़कें, 959 बिजली ट्रांसफार्मर और 472 पेयजल योजनाएं ठप रही। भारी बारिश और नालों में जलस्तर बढ़ने के कारण 34 पेयजल योजनाएं बंद हैं। गगल एयरपोर्ट पर सोमवार को सभी उड़ानें समय पर पहुंचीं, जबकि शिमला, ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में बारिश के चलते हालात प्रभावित रहे।

कुल्लू में बाढ़ का असर
कुल्लू के पाहनाला क्षेत्र के शिलीराजगिरी पंचायत में शगाड़ गांव में भी सोमवार देर शाम भारी बारिश से बाढ़ आई। बाढ़ के मलबे से कई घरों और बगीचों में नुकसान हुआ, और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एसडीएम निशांत कुमार ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

प्रदेश में राहत और सड़क बहाली का काम लगातार जारी है, लेकिन मौसम में अनिश्चितता और बढ़े जलस्तर के चलते ग्रामीण और शहरवासी अभी भी सतर्क हैं।