Kurukshetra Rohit Dead Body Found Canal | Kurukshetra News | कुरुक्षेत्र में रोहित का शव नहर से मिला: 4 दिन से लापता था; 26 को गुमशुदगी दर्ज; अगले दिन झांसा नहर किनारे स्कूटी-मोबाइल मिले – Kurukshetra News

कुरुक्षेत्र जाने के लिए स्कूटी पर घर से निकला था रोहित। (फाइल फोटो)

कुरुक्षेत्र जिले से लापता हुए युवक का शव 4 दिन बाद नरवाना ब्रांच नहर से मिला। पुलिस ने आज उसके शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और परिजन के हवाले कर दिया। रोहित (30) घर से स्कूटी पर निकला था। अगले दिन उसकी स्कूटी और मोबाइल झांसा के पास नहर से मिले थे।

दर्ज कराई गुमशुदगी

रामप्रकाश​ के मुताबिक, उसका भतीजा रोहित प्राइवेट काम करता था। 26 मार्च रात करीब 8 बजे रोहित अपनी एक्टिवा पर सवार होकर कुरुक्षेत्र के लिए निकला था। घर से जाने के बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है। रोहित ने सफेद चेक वाली कमीज और नीली जींस पहनी हुई थी। वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

नहर के पास जमा भीड़।

नहर के पास जमा भीड़।

नहर में चलाया सर्च ऑपरेशन

गोताखोर प्रगट सिंह के मुताबिक, उनकी टीम और पुलिस नरवाना ब्रांच नहर में रोहित की तलाश कर रही थी। परिजन भी ज्योतिसर हेड के पास पहरा लगाकर बैठे थे। 30 मार्च दोपहर 2 बजे उनको नहर में शव बहने की सूचना मिली थी। उनकी टीम ने मिर्जापुर पुल और कंथला के बीच से शव को नहर से निकाला। मौके पर परिजनों ने उसकी पहचान रोहित के रूप में कर दी।

परिजनों को सौंपा शव

परिजनों के मुताबिक, नौकरी छोड़ने के बाद से रोहित कुछ परेशान लग रहा था। हालांकि इस बारे में रोहित ने किसी को कुछ नहीं बताया था। उधर, पुलिस ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।