हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में 2 गांवों से पीलिया और डायरिया के मरीज सामने आने के बाद हेल्थ विभाग अलर्ट मोड पर है। बसंतपुर गांव में पीलिया के 10 और कैंथला में डायरिया के 6 मरीजों की पुष्टि होने पर विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम तुरंत हरकत में आ गई।
।
टीम ने दोनों गांवों में डोर-टू-डोर सर्वे कर संदिग्ध मरीजों की जांच शुरू कर दी है। ब्लड सैंपल लेकर लैब भेजे गए हैं और अगले 7 दिन तक गांवों की लगातार निगरानी की जाएगी। गांवों में 1-1 मेडिकल टीम तैनात कर दी गई है जो मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ग्रामीणों से बातचीत करती टीम।
पानी से फैली बीमारी
बीमारी का संभावित कारण दूषित पानी माना जा रहा है। टीम ने पीने के पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। साथ ही, ग्रामीणों को ओआरएस घोल के पैकेट और हैलोजन की गोलियां वितरित की जा रही हैं। लोगों को उबला हुआ पानी पीने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई है।
पब्लिक हेल्थ को पत्र
विभाग ने पब्लिक हेल्थ विभाग को गांवों में जल आपूर्ति की क्वालिटी जांचने और क्लोरिनेशन करवाने के लिए पत्र भेजा है। टीम अपने स्तर पर गांव के अंदर पानी की पाइपलाइन में लीकेज की जांच कर रही है। ग्राम पंचायत ने भी इस मामले में तुरंत एक्शन लेने की मांग की है, क्योंकि अभी खतरा पूरी तरह टला नहीं है।
बीमारी को रोकने के लिए कोशिश जारी
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है, लेकिन आने वाले कुछ दिन बेहद अहम हैं। विभाग की टीमें गांवों में लगातार दौरे कर रही हैं और बीमारी को फैलने से रोकने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। लोगों से उबालकर या फिल्टर पानी पीने की अपील की गई है।












